सिलेटनगंज में विशाल अजगर ने मचाया हड़कंप, ग्रामीणों ने साहस दिखाकर किया सुरक्षित रेस्क्यू

सिलेटनगंज में विशाल अजगर ने मचाया हड़कंप, ग्रामीणों ने साहस दिखाकर किया सुरक्षित रेस्क्यू


संवाददाता फिरोज अहमद

नानपारा/बहराइच।तहसील नानपारा क्षेत्र के सिलेटनगंज गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक विशालकाय अजगर को देखा।


अजगर दिखाई देने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में कौतूहल के साथ दहशत का माहौल बन गया।


ग्रामीणों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कासिम तेली, शेर, रूद्रसेन वर्मा, रमजान कुरैशी, जाकिर समेत अन्य ग्रामीणों ने मिलकर विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।


अजगर पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता तथा वन दरोगा अमन वर्मा को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई।


ग्रामीणों ने की निगरानी बढ़ाने की मांग


विशाल अजगर को देखने के लिए काफी देर तक मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। ग्रामीणों के साहस और वन विभाग की तत्परता से अजगर को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ा जा सका।


ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में आने पर समय रहते उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।