ईमानदारी की मिसाल बने इज्जतनगर मंडल के रेलकर्मी, यात्री का पर्स लौटाया

ईमानदारी की मिसाल बने इज्जतनगर मंडल के रेलकर्मी, यात्री का पर्स लौटाया

ट्रेन में मिला था पर्स, उसमें 3,970 रुपये नकद, चेक और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे

बरेली। रेल यात्रियों की सेवा और ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के दो रेल कर्मचारियों ने ट्रेन में मिला यात्री का पर्स सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। रेल कर्मचारियों की इस पहल की सराहना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को गाड़ी संख्या 15059 लालकुआं?आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के सी-1 कोच में ड्यूटी के दौरान वरिष्ठ मुख्य वाणिज्य टिकट निरीक्षक जितेंद्र केसरी और मुख्य वाणिज्य टिकट निरीक्षक रविकांत को एक यात्री का पर्स मिला। पर्स में 3,970 रुपये नकद, एक चेक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

दोनों कर्मचारियों ने बिना किसी देरी के पर्स को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और इसकी सूचना नियंत्रण कक्ष तथा संबंधित अधिकारियों को दी। इसके बाद यात्री की पहचान कर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।

यात्री के परिजनों के आनंद विहार पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, आनंद विहार के समक्ष पर्स उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।

ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की हुई सराहना

रेल कर्मचारियों की तत्परता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के कारण यात्री की नकदी के साथ उसके महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित वापस मिल सके। इज्जतनगर मंडल ने रेल कर्मचारियों की इस मानवीय पहल को यात्री सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।