रामगंगा–बमियाना रेलखंड पर समय रहते मिली पटरी में खराबी, इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुरक्षित गुजारा

भारी बारिश के बीच ट्रैकमैन की सूझबूझ से टला रेल हादसा

रामगंगा?बमियाना रेलखंड पर समय रहते मिली पटरी में खराबी, इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुरक्षित गुजारा

गोरखपुर। इज्जतनगर मंडल के रामगंगा?बमियाना रेलखंड पर भारी बारिश के बीच पेट्रोलिंग कर रहे ट्रैक मैन्टेनरों की सतर्कता से एक संभावित रेल हादसा टल गया। 6 और 7 सितंबर की रात हुई भारी वर्षा के कारण किमी संख्या 329/5-6 पर चार से पांच स्लीपरों के नीचे बैलास्ट बैठ गया था।

पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात ट्रैक मैन्टेनर मोहनलाल और प्रशिक्षु ट्रैक मैन्टेनर जमुना प्रसाद की नजर समय रहते ट्रैक की इस स्थिति पर पड़ गई। दोनों कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए ट्रैक को सुरक्षित एवं संरक्षित किया।

इसी दौरान कासगंज से दिल्ली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस भी वहां पहुंच रही थी। ट्रैक कर्मचारियों की सतर्कता के चलते ट्रेन को सुरक्षित तरीके से प्रभावित स्थान से गुजारा गया। समय रहते खराबी का पता चलने से संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया।

घटना के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने दोनों रेल कर्मचारियों की सूझबूझ, सतर्कता और तत्परता की सराहना की। उन्होंने मोहनलाल और जमुना प्रसाद को पुरस्कृत कर सम्मानित करने की घोषणा की।