प्राविधिक शिक्षा परीक्षा को लेकर रेलवे ने संभाली व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए चलाईं विशेष ट्रेनें

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा-2025 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए प्रयागराज मंडल ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष यात्री व्यवस्थाएं कीं। संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए।

मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेल कर्मचारियों की तैनाती की गई। कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों और यात्रियों को आवश्यक जानकारी देने के साथ ही प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और स्टेशन परिसर में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया।

परीक्षा को देखते हुए प्रयागराज मंडल की ओर से विशेष ट्रेनों की व्यवस्था भी की गई। कानपुर सेंट्रल से झांसी के लिए परीक्षा विशेष ट्रेन शाम 6:20 बजे रवाना हुई, जिसमें करीब 500 यात्रियों ने सफर किया। वहीं, कानपुर सेंट्रल-फतेहपुर यात्री ट्रेन को प्रयागराज जंक्शन तक विस्तारित किया गया, जिसमें करीब 800 यात्रियों ने यात्रा की।

वार रूम से होती रही निगरानी

प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति की वार रूम से लगातार निगरानी की गई। आवश्यकता के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे स्टेशन के प्रवेश-निकास द्वार और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रही।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र और यात्री सहायता व्यवस्था को भी सक्रिय रखा गया। भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए गए और यात्रियों को ट्रेनों तथा प्लेटफॉर्म से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।

रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें, रेलवे परिसर में अनुशासन बनाए रखें और रेल कर्मचारियों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। परीक्षा अवधि के दौरान मंडल प्रशासन ने यात्री सुविधा, सुरक्षित आवागमन और भीड़ के प्रभावी प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की।