सुबह-शाम होगी बिजली चोरी की रेड, तेहरा में सात पर एफआईआर

तेहरा में बिजली चोरी करते सात पकड़े, सभी के खिलाफ एफआईआर

सैंया। थाना सैंया क्षेत्र के ग्राम तेहरा में विद्युत विभाग की टीम ने गुरुवार को बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाकर सात लोगों को विद्युत चोरी करते पकड़ा। टीम ने मौके पर जांच कर चोरी के मामले दर्ज किए।

चेकिंग के दौरान बच्चू सिंह, रविंद्र सिंह, धीरज शर्मा, महेश चंद, सूर्यप्रकाश लवानिया, संतोष कुमार एडवोकेट और तेहरा फार्म पोखर के पास संतोष को विद्युत चोरी करते पकड़ा गया। विभाग की ओर से सभी सात लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाना, कमला नगर आगरा में भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही आरोपितों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।

चेकिंग टीम में एसडीओ अरविंद कुमार, जेई विजय कुमार, टीजी-2 धर्मेंद्र कल्याण, गणेश त्यागी, अवधेश और श्यामवीर सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

विद्युत विभाग के अनुसार शासन के निर्देश पर हाई लॉस फीडर और चिन्हित हाई लॉस ग्रामों में लगातार विद्युत चोरी की जांच की जा रही है। खेरागढ़ का 11 केवी तहसील फीडर, सैंया का 11 केवी सैंया फीडर और लादूखेड़ा का 11 केवी लादूखेड़ा फीडर चिन्हित किए गए हैं। लाइन लॉस कम करने और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। विद्युत चोरी की प्रभावी रोकथाम के लिए शाम सात बजे और सुबह चार बजे भी रेड करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकतानुसार कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी उपलब्ध कराया जाएगा।