एनएफआर ने अगस्त में दर्ज किया बेहतर माल परिवहन प्रदर्शन, 1021 रेक किए अनलोड

एनएफआर ने अगस्त में दर्ज किया बेहतर माल परिवहन प्रदर्शन, 1021 रेक किए अनलोड

पूर्वोत्तर राज्यों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को मिली मजबूती, असम में सर्वाधिक 560 रेक उतारे गए

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने अगस्त 2026 में माल परिवहन के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। पूरे रेल मंडल में इस दौरान मालगाड़ियों के कुल 1021 रेक अनलोड किए गए। रेलवे के इस प्रदर्शन से पूर्वोत्तर क्षेत्र में आवश्यक और औद्योगिक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिली है।

अगस्त माह के दौरान अनाज, खाद्य सामग्री, उर्वरक, चीनी, कोयला, नमक, टैंक वैगन सहित विभिन्न प्रकार की वस्तुओं को अलग-अलग माल गोदामों में कुशलतापूर्वक उतारा गया। इसके चलते आवश्यक वस्तुओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही क्षेत्र में रेलवे की माल परिवहन सेवाओं की विश्वसनीयता भी बढ़ी।

पूर्वोत्तर राज्यों में असम में सर्वाधिक 560 रेक अनलोड किए गए। इसके अलावा त्रिपुरा में 69, नागालैंड में 15, मणिपुर में 19, अरुणाचल प्रदेश में 8 और मिजोरम में 6 रेक उतारे गए। इन वस्तुओं की आपूर्ति से सार्वजनिक वितरण प्रणाली, औद्योगिक गतिविधियों और आम लोगों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली।

वहीं, पश्चिम बंगाल में 193 और बिहार में 151 रेक अनलोड किए गए। रेलवे के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों में माल की लगातार और सुचारु आवाजाही से क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला, व्यापारिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को गति मिल रही है।

एनएफआर द्वारा माल उतारने की प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावी निगरानी और बेहतर प्रबंधन से मालगाड़ियों के ठहराव और परिचालन समय को कम करने के साथ अनलोडिंग क्षमता में भी सुधार हुआ है। रेलवे का यह प्रदर्शन पूर्वोत्तर क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।