हरदोई में जर्जर कच्चे मकान में गुजर-बसर को मजबूर रहीसुन का परिवार, छत का हिस्सा गिरा, बाल-बाल बचे सदस्य

हरदोई। बावन कस्बे में जर्जर कच्चे मकान में रहने वाला रहीसुन का परिवार इन दिनों हादसे के खतरे के बीच जीवन गुजार रहा है। शुक्रवार देर रात अचानक मकान की कच्ची छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। इसके साथ ही दो बल्लियां भी नीचे आ गिरीं। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार का कोई सदस्य उस हिस्से के नीचे मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
छत का हिस्सा गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार की मदद की। बारिश के दौरान घर के भीतर पानी न पहुंचे और जरूरी सामान को सुरक्षित रखा जा सके, इसके लिए स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त हिस्से को किसी तरह अस्थायी रूप से ठीक कराया।
रहीसुन अपने पति शरीफ उर्फ टर्री और 12 वर्षीय बेटी मरियम के साथ इसी जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं। शरीफ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए मकान की मरम्मत कराना संभव नहीं है। मकान की हालत इतनी खराब है कि परिवार को हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान की छत और दीवारें काफी समय से जर्जर हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। शुक्रवार रात छत का हिस्सा गिरने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से परिवार की स्थिति का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना परिवार को सुरक्षित आवास अथवा मकान की मरम्मत के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि रहीसुन के परिवार को खतरे से बाहर निकाला जा सके।