डॉ. राधाकृष्णन की जयंती पर कांग्रेस ने मनाया शिक्षक दिवस, गुरुजनों को किया नमन

बैकुंठपुर। भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति, भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 5 सितंबर को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में शिक्षक दिवस मनाया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक महान दार्शनिक, शिक्षक और राजनेता थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान देश के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और उच्च नैतिक मूल्यों से जोड़कर एक बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कांग्रेसजनों ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन के विचार और उनके आदर्श आज भी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने देश और समाज को सकारात्मक दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी गुरुजनों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, जिला महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी मुख्तार अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, अजय सिंह, सुरेंद्र तिवारी, धीरज सिंह, रियाजउद्दीन, स्वतंत्र महोबिया, संतोष सूर्यवंशी, नितिन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।