मुख्य मार्ग पर जलभराव से ग्रामीणों में आक्रोश, जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ी परेशानी

मुख्य मार्ग पर जलभराव से ग्रामीणों में आक्रोश, जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ी परेशानी

फिरोजाबाद। ग्राम पंचायत पहाड़ीपुर भोंडेला के गांव भोंडेला में मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से सड़क पर पानी भरा होने के कारण आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी ग्राम प्रधान और सचिव को कई बार देने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं कराया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बाद मुख्य मार्ग पर पानी जमा हो जाता है और निकासी की उचित व्यवस्था न होने से रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है। इससे पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर फिसलन बनी रहने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीण रामदयाल, अर्जुन, बलवीर, गिरेन्द्र, पन्ना लाल, विक्रम सिंह, गौरव आदि ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर मुख्य मार्ग से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।