गुजरात में रोजगार के लिए गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आलापुर, अंबेडकर नगर।थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम साबितपुर निवासी 19 वर्षीय युवक की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक करीब 25 दिन पहले रोजगार के सिलसिले में गुजरात गया था। बुधवार दोपहर उसका शव नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, साबितपुर निवासी रितेश मौर्या पुत्र रमेश मौर्या (लगभग 19 वर्ष) 10 अगस्त को रोजगार के सिलसिले में गुजरात गया था। बुधवार, 2 सितंबर को दोपहर उसका शव नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने पर गुजरात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को इसकी जानकारी दी।

परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

रितेश दो भाइयों में छोटा था। उसकी मौत की खबर से मां सुशीला और बहन सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार शाम करीब चार बजे रितेश का शव उसके पैतृक गांव साबितपुर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बाद में माझा कम्हरिया में उसका अंतिम संस्कार किया गया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन यादव, धर्मेंद्र प्रजापति, मृत्युंजय, रामबदन, विकास प्रजापति, रामा यादव, विश्वनाथ यादव, रामचंद्र गौतम, श्यामसुंदर यादव सहित अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।