नागपुर में सांसदों के साथ रेलवे की अहम बैठक, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों पर हुआ मंथन

नागपुर में सांसदों के साथ रेलवे की अहम बैठक, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों पर हुआ मंथन

मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने नागपुर और भुसावल मंडलों के सांसदों से लिया सुझाव, रेलवे विकास को गति देने का भरोसा

नागपुर। मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने बुधवार को नागपुर में नागपुर और भुसावल मंडलों के सांसदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के समाधान कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में रेलवे के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में नागपुर और भुसावल मंडलों से जुड़े 11 सांसदों ने हिस्सा लिया। महाप्रबंधक ने सभी सांसदों का शॉल एवं श्रीफल देकर स्वागत किया और मध्य रेल की उपलब्धियों तथा विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग और भुसावल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुनीत अग्रवाल ने अपने-अपने मंडलों की उपलब्धियों एवं चल रही परियोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।

सांसदों ने रखीं क्षेत्र से जुड़ी मांगें

बैठक के दौरान सांसदों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न रेल सुविधाओं और विकास कार्यों की मांगें रखीं। यात्रियों की सुविधा, बेहतर रेल संपर्क और रेलवे सेवाओं में सुधार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

सांसदों ने रेलवे की ओर से किए जा रहे स्टेशन पुनर्विकास, तीसरी और चौथी रेल लाइन, अमृत भारत स्टेशन योजना, वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस और विशेष ट्रेनों जैसी पहलों की सराहना की।

सुझावों पर कार्रवाई का दिया भरोसा

सांसदों द्वारा उठाए गए सवालों और मुद्दों पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने जवाब दिए। रेलवे प्रशासन ने सांसदों के सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने और यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

बैठक में मध्य रेल के प्रधान विभागाध्यक्षों के साथ नागपुर और भुसावल मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन मध्य रेल के उप महाप्रबंधक के.के. मिश्रा ने किया।

बैठक को रेलवे और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे दोनों मंडलों में यात्री सुविधाओं और आधारभूत रेल ढांचे के विकास को और गति मिलने की उम्मीद है।