फलोदी–जैसलमेर रेलखंड पर अब 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

फलोदी?जैसलमेर रेलखंड पर अब 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

गति बढ़ने से प्रत्येक ट्रेन के सफर में करीब 9 मिनट की बचत, फलोदी स्टेशन का ₹18.15 करोड़ की लागत से हो रहा कायाकल्प

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल यात्रियों के सफर को और तेज एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। फलोदी?जैसलमेर रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति 100 से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटे कर दी गई है। आवश्यक तकनीकी और संरक्षा व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद अब इस 156.17 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन नई गति सीमा के अनुरूप किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गति वृद्धि फलोदी?जैसलमेर रेलखंड के किलोमीटर 134.29 से 290.46 तक लागू की गई है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार गति बढ़ने से प्रत्येक ट्रेन के सफर में करीब 9 मिनट तक की बचत होने का अनुमान है। इससे यात्रियों का यात्रा समय कम होगा और ट्रेनों की समयबद्धता में भी सुधार आएगा।

संरक्षा के साथ बढ़ाई गई ट्रेन की रफ्तार

गति बढ़ाने से पहले ट्रैक, पुल, ओएचई, सिग्नलिंग सहित सभी जरूरी तकनीकी और संरक्षा व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया गया। रेलवे द्वारा ट्रैक की नियमित देखभाल और संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कॉरिडोर ब्लॉक की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि पटरियों का अनुरक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा सके।

₹18.15 करोड़ से आधुनिक रूप ले रहा फलोदी स्टेशन

इधर, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फलोदी रेलवे स्टेशन का करीब ₹18.15 करोड़ की लागत से पुनर्विकास कार्य भी तेजी से जारी है। स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस करने के साथ स्थानीय स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

स्टेशन पर 12 मीटर लंबे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए गर्डर लॉन्चिंग का कार्य पूरा हो चुका है। स्टेशन भवन में क्लैडिंग और नवीनीकरण के साथ वेटिंग हॉल, प्रतीक्षालय, स्टेशन अधीक्षक कक्ष समेत अन्य कक्षों के फिनिशिंग कार्य चल रहे हैं। सिग्नलिंग और विद्युत व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पुनर्विकास परियोजना के तहत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, पोर्च और प्रवेश द्वार को विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा कोच इंडिकेशन बोर्ड, प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक शौचालय और वाटर बूथ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

फलोदी?जैसलमेर रेलखंड पर बढ़ी रफ्तार और फलोदी स्टेशन के आधुनिक पुनर्विकास से इस क्षेत्र में रेल यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।