जम्मू से दक्षिण भारत की 13 दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा, 14 नवंबर को रवाना होगी भारत गौरव ट्रेन

जम्मू। दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने ?दक्षिण भारत यात्रा? भारत गौरव विशेष पर्यटक ट्रेन की घोषणा की है। यह 13 दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा 14 नवंबर 2026 को जम्मू से रवाना होगी और 26 नवंबर को वापस लौटेगी।

इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

इन प्रमुख तीर्थस्थलों के होंगे दर्शन

यात्रा के दौरान रामेश्वरम के श्री रामनाथस्वामी मंदिर, मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी के प्रमुख दर्शनीय स्थल, तिरुपति के भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर तथा मार्कापुर के मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

इन स्टेशनों से कर सकेंगे बोर्डिंग

भारत गौरव ट्रेन में जम्मू के अलावा पठानकोट, अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, एसएएस नगर मोहाली, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से भी यात्री सवार हो सकेंगे।

तीन श्रेणियों में उपलब्ध होगा पैकेज

यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए यात्रा के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं?

स्लीपर श्रेणी (इकोनॉमी): 480 सीटें, शुल्क 26,895 रुपये

तृतीय वातानुकूलित श्रेणी (स्टैंडर्ड): 210 सीटें, शुल्क 42,605 रुपये

द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी (कम्फर्ट): 50 सीटें, शुल्क 56,830 रुपये

सभी शुल्क जीएसटी सहित हैं।

पैकेज में मिलेंगी कई सुविधाएं

यात्रा पैकेज में पुष्ट ट्रेन टिकट, ट्रेन एवं यात्रा के दौरान भोजन, डबल/ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर आवास, बस से स्थानीय परिवहन एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा सहायक, साफ-सफाई, सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाएं शामिल रहेंगी।