5 सितंबर तक बहाल होगी न्यू हारगंगाजाओ स्टेशन की लाइन संख्या-2 500 कर्मचारी दिन-रात जुटे, भारी मशीनरी के साथ तेजी से चल रहा बहाली कार्य

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने न्यू हारगंगाजाओ स्टेशन पर रेल परिचालन को सामान्य बनाने के लिए बहाली कार्य तेज कर दिया है। रेलवे को उम्मीद है कि लाइन संख्या-2 को 5 सितंबर 2026 तक बहाल कर दिया जाएगा। प्रभावित हिस्से में करीब 500 कर्मचारी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।

बहाली कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए मौके पर 22 एक्सकेवेटर, 12 जेसीबी और 18 ट्रैक्टर सहित न्यूमेटिक ड्रिल और हाइड्रोलिक पाइलिंग रिग जैसी विशेष मशीनरी तैनात की गई है। रेलवे की टीमें प्रभावित क्षेत्र को मजबूत करने, ट्रैक के बुनियादी ढांचे को स्थिर करने और जल निकासी समेत अन्य आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटी हैं।

दरअसल, 20 जुलाई 2026 से न्यू हारगंगाजाओ यार्ड में रेल पटरियों के नीचे की जमीन लगातार धंसने और पटरी के अपने मूल स्थान से खिसकने की समस्या सामने आई थी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एहतियातन ट्रेनों का परिचालन केवल लाइन संख्या-3 से किया जा रहा है।

रेलवे के अनुसार प्राकृतिक जल प्रवाह के मार्ग में बदलाव और स्थानीय जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने के कारण पहाड़ी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में पानी एक स्थान पर जमा हो गया। जमीन के भीतर पानी पहुंचने से रेलवे संरचना की स्थिरता प्रभावित हुई। इसके बाद रेलवे ने पानी की निकासी, प्रभावित क्षेत्र को स्थिर करने और रेल ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर काम शुरू किया।

फिलहाल लाइन संख्या-3 पर अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के साथ ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित रूप से जारी है। लाइन संख्या-2 के 5 सितंबर तक बहाल होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। वहीं लाइन संख्या-1 को सितंबर 2026 के अंत तक बहाल किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और लामडिंग-बदरपुर हिल सेक्शन में रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए पर्याप्त श्रमशक्ति, संसाधन और आधुनिक मशीनरी तैनात की गई है। रेलवे की टीमें दिन-रात कार्य कर बहाली कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के प्रयास में जुटी हैं।