फ्रेट कस्टमर मीटिंग में रेलवे और व्यापारियों के बीच सार्थक संवाद, माल लदान बढ़ाने पर जोर

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में माल परिवहन को बढ़ावा देने और फ्रेट ग्राहकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से फ्रेट कस्टमर मीटिंग का आयोजन किया गया। मंडल कार्यालय स्थित संकल्प सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने की।

बैठक में रेलवे अधिकारियों के साथ विभिन्न साइडिंग और फ्रेट ग्राहकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का उद्देश्य व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से माल लदान बढ़ाना, उनकी समस्याओं और सुझावों को समझना तथा माल परिवहन सेवाओं को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाना रहा।

बैठक की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) शीरत फातिमा ने की। उन्होंने व्यापारिक और साइडिंग प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए रेलवे के साथ उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया।

इस दौरान साइडिंग संचालन और माल परिवहन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारिक प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव और सुझाव रेलवे अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

ग्राहकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि माल लदान और माल ढुलाई के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने ग्राहकों द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी और त्वरित फॉलोअप सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि रेलवे और फ्रेट ग्राहकों के बीच बेहतर समन्वय से माल परिवहन सेवाओं को अधिक समयबद्ध, पारदर्शी और ग्राहक-अनुकूल बनाया जा सकता है। निरंतर संवाद से व्यापारियों की जरूरतों को समझने और सेवाओं में आवश्यक सुधार करने में भी मदद मिलेगी।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक मयंक राणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता विकास चौरसिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अखिलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मो. जावेद अख्तर, उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल, उप मुख्य यातायात प्रबंधक टूंडला अमित आनंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रेल प्रशासन ने विश्वास जताया कि रेलवे और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच लगातार संवाद और मजबूत समन्वय से प्रयागराज मंडल माल लदान के निर्धारित लक्ष्यों को पार करने के साथ फ्रेट ग्राहकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में सफल होगा।