छह स्टेशनों पर प्लेटफॉर्मों का हुआ विस्तार और उन्नयन, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

जयपुर। यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे लगातार स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य कर रहा है। इसी क्रम में जयपुर मंडल के कानोता, बसवा, रेनवाल, श्रीमाधोपुर, गोविंदगढ़ मलिकपुर और झुंझुनू स्टेशनों पर प्लेटफॉर्मों के उन्नयन एवं विस्तार का कार्य पूरा किया गया है।

इन छह स्टेशनों पर कुल 9 प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ाने और लंबाई बढ़ाने का कार्य किया गया है। इससे यात्रियों को ट्रेनों में सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से चढ़ने-उतरने में मदद मिलेगी।

कानोता और गोविंदगढ़ मलिकपुर स्टेशनों के प्लेटफॉर्म संख्या 2 को मध्यम स्तर से उच्च स्तर का बनाया गया है। वहीं बसवा और रेनवाल स्टेशनों के प्लेटफॉर्म संख्या 1 की लंबाई बढ़ाई गई है। इसके अलावा श्रीमाधोपुर और झुंझुनू स्टेशनों के प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 का भी विस्तार किया गया है।

यात्रियों की सुविधा में होगा सुधार

प्लेटफॉर्मों के विस्तार और ऊंचाई बढ़ाने से यात्रियों के आवागमन में सुविधा होगी तथा ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय सुरक्षा बेहतर होगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इससे काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे द्वारा स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म बनाने, मौजूदा प्लेटफॉर्मों का विस्तार करने और यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

रेलवे के अनुसार यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि स्टेशनों की उपयोगिता और रेलवे की परिचालन दक्षता को भी मजबूती मिलेगी।