हरदोई में 8वीं की छात्रा की मौत के मामले में शिक्षक व सहपाठी पर केस, बीएसए ने दो शिक्षकों को किया निलंबित, मारपीट की शिकायत पर शिक्षक ने पीटा था

हरदोई। भरखनी विकासखंड के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा क्षमा दीक्षित की उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने शिक्षक और सहपाठी छात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के पिता उमेश दीक्षित की तहरीर और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पचदेवरा पुलिस ने सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार और सहपाठी छात्रा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को क्षमा विद्यालय में परीक्षा देने गई थी। वहां किसी बात को लेकर उसका एक सहपाठी छात्रा से विवाद हो गया। क्षमा ने इसकी शिकायत सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार से की थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद शिक्षक ने छात्रा के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। इस संबंध में छात्रा के पिता ने 23 अगस्त को थाने में शिकायत की थी।
इसके बाद 24 अगस्त को परिजन क्षमा को उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले गए, जहां इलाज के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद फर्रुखाबाद में पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। इसके बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक और सहपाठी छात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मामले में छात्रा की मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने साथ हुई मारपीट के संबंध में बताती नजर आ रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और मौत से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मेडिकल दस्तावेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।
उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा ने इंचार्ज शिक्षक अक्षत और सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार को निलंबित कर दिया है। विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।