प्रयागराज मंडल में 46 रेलकर्मी हुए सेवानिवृत्त, 18.70 करोड़ रुपये का समापन भुगतान

प्रयागराज मंडल में 46 रेलकर्मी हुए सेवानिवृत्त, 18.70 करोड़ रुपये का समापन भुगतान

सुरक्षित रेल परिचालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए 7 कर्मचारियों को दुर्घटना मुक्त पुरस्कार से सम्मानित किया गया

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में अगस्त 2026 के दौरान 46 रेल कर्मचारियों के सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होने पर मंडल कार्यालय स्थित सभागार में गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान से संबंधित आवश्यक प्रपत्र प्रदान किए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने रेल सेवा में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबे और समर्पित योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अगस्त माह में सेवानिवृत्त हुए 46 कर्मचारियों को नियमानुसार कुल 18 करोड़ 70 लाख 46 हजार 255 रुपये का समापन भुगतान डिजिटल माध्यम से किया गया।

सुरक्षित रेल परिचालन में योगदान पर सम्मान

समारोह के दौरान सुरक्षित एवं संरक्षित रेल परिचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को ?दुर्घटना मुक्त पुरस्कार? से सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वालों में लोको निरीक्षक, लोको पायलट, पॉइंट्समैन, केबिनमैन और अन्य परिचालन से जुड़े कर्मचारी शामिल रहे।

सम्मानित कर्मचारियों में अश्विनी कुमार, गीतम सिंह, राज रंजन तिवारी, बृजेश कुमार श्रीवास्तव, लाल चंद्र शुक्ला, ओम प्रकाश मिश्रा, सरिता, प्रमोद कुमार सिन्हा, इन्द्रपाल सिंह, विजय सिंह, राम सेवक, शंकर लाल और मुकेश कुमार शामिल हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान की सराहना की। सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी रूपेश कुमार सुमन ने कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले विभिन्न देयकों, मानार्थ रेल पास, एचआरएमएस और यूएमआईडी से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी।

कार्मिक एवं लेखा विभाग के समन्वित प्रयासों से आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ उनके परिजनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान के साथ-साथ सुरक्षित रेल परिचालन में कर्मचारियों की जिम्मेदारी और योगदान को भी रेखांकित किया।