रेलवे में युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, 3205 एक्ट अप्रेंटिस सीटों का ऐलान पिछले वर्ष के मुकाबले 1405 सीटें बढ़ीं, नए तकनीकी और कंप्यूटर आधारित ट्रेड भी शामिल

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वर्ष 2026-27 के लिए 3,205 एक्ट अप्रेंटिस सीटों की अधिसूचना जारी की गई है। खास बात यह है कि पिछले वर्ष 1,800 सीटों के मुकाबले इस बार 1,405 सीटों की बढ़ोतरी की गई है।

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, अप्रेंटिस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रेलवे प्रतिष्ठानों में एक वर्ष तक व्यावहारिक और ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षार्थियों को लगभग 9,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।

प्रयागराज मंडल में सबसे अधिक 1,462 सीटें

अप्रेंटिस की कुल 3,205 सीटों में अलग-अलग मंडलों और इकाइयों के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें प्रयागराज मंडल में 1,462, झांसी मंडल में 856, आगरा मंडल में 547, झांसी वर्कशॉप में 226, ट्रैक मशीन लाइन/मुख्यालय में 82 और मुख्यालय में 32 सीटें शामिल हैं।

समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुल सीटों में से 152 सीटें दिव्यांगजन के लिए क्षैतिज रूप से आरक्षित की गई हैं।

आधुनिक तकनीकी ट्रेडों को भी मिली जगह

इस बार अप्रेंटिस प्रशिक्षण में युवाओं की बदलती रोजगार आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई नए तकनीकी एवं कंप्यूटर आधारित ट्रेड भी शामिल किए गए हैं। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मल्टीमीडिया एवं वेब पेज डिजाइनर, सीएडी-कैम ऑपरेटर कम प्रोग्रामर, सर्वेयर, राजमिस्त्री, सेनेटरी हार्डवेयर फिटिंग और भवन अनुरक्षण तकनीशियन सहित अन्य ट्रेड शामिल हैं।

प्रशिक्षण के बाद मिलेगा राष्ट्रीय प्रमाणपत्र

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रमाणपत्र (एनएसी) प्रदान किया जाएगा। यह प्रमाणपत्र राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद के माध्यम से जारी किया जाता है, जो युवाओं के कौशल और तकनीकी प्रशिक्षण को प्रमाणित करता है।

रेलवे बोर्ड के आरबीई 51/2022 के प्रावधानों के अनुसार, रेलवे प्रतिष्ठानों से प्रशिक्षण पूरा करने वाले पात्र एक्ट अप्रेंटिसों को लेवल-1 के पदों की खुली भर्ती में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलता है। इसके साथ ही निर्धारित प्रावधानों के तहत एनसीवीटी परीक्षा के अंकों का अंतिम लिखित परीक्षा में एक-तिहाई भारांक तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट का लाभ भी दिया जाता है।

31 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन

योग्य अभ्यर्थी रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

उत्तर मध्य रेलवे ने सीटों में बढ़ोतरी और नए ट्रेडों को शामिल करने की पहल के जरिए युवाओं को व्यावहारिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर और रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। यह पहल राष्ट्रीय कौशल विकास के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान करेगी।