फगवाड़ा गुड्स शेड में पहली बार शुरू होगी फूड वेन सुविधा, मजदूरों और व्यापारियों को कार्यस्थल पर मिलेगा खान-पान

फिरोजपुर। रेलवे के गुड्स शेड में काम करने वाले मजदूरों, व्यापारियों और रोड ट्रांसपोर्टरों को अब खान-पान के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई से जुड़े लोगों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक अनूठी पहल की है। भारतीय रेलवे में पहली बार किसी गुड्स शेड में फूड वेन सुविधा शुरू की जा रही है। यह सुविधा फगवाड़ा रेलवे स्टेशन स्थित गुड्स शेड में उपलब्ध होगी।

फिरोजपुर मंडल ने ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से फगवाड़ा गुड्स शेड में फूड वेन के संचालन का अनुबंध पांच वर्षों के लिए आवंटित किया है। फूड वेन शुरू होने के बाद गुड्स शेड में कार्यरत मजदूरों, व्यापारियों और रोड ट्रांसपोर्टरों को वहीं उचित दरों पर भोजन और जलपान उपलब्ध हो सकेगा।

इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को भोजन या जलपान के लिए गुड्स शेड से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय बचेगा और लोडिंग-अनलोडिंग का काम निर्धारित समय में अधिक सुचारू रूप से पूरा करने में मदद मिलेगी। समय की बचत से रेक के अनावश्यक ठहराव में कमी आने और रेक के बेहतर उपयोग में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

रेलवे की यह पहल सुविधा के साथ-साथ माल ढुलाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यस्थल पर ही खान-पान की सुविधा मिलने से मजदूरों, व्यापारियों और परिवहन से जुड़े लोगों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।

फिरोजपुर मंडल के अनुसार, ई-नीलामी प्रणाली से पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है और रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। फूड वेन जैसी पहल रेलवे की आय बढ़ाने के साथ-साथ रेलवे से जुड़े हितधारकों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।