परसिया आलम स्कूल में बच्चों ने बनाई स्वनिर्मित राखियां मेरी राखी मेरा बंधन गतिविधि ने बिखेरी स्नेह और रचनात्मकता। 

बहराइच। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिया आलम, पयागपुर में ?मेरी राखी, मेरा बंधन? गतिविधि के तहत विशेष रचनात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने हाथों से रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं और एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के पर्व को आत्मीयता के साथ मनाया।बच्चों ने रंगीन धागों, ऊन, मोतियों, कागज, सजावटी सामग्री और अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर राखियां बनाईं। गतिविधि के माध्यम से बच्चों को कला एवं शिल्प के साथ रंग संयोजन, आकार, मापन, रचनात्मक सोच और पुनर्चक्रण जैसी अवधारणाओं को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला। बच्चों ने अपनी बनाई राखियां साथियों को उपहार स्वरूप देकर खुशी साझा की।इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक नवल कुमार पाठक ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की सृजनात्मकता को निखारने के साथ उनमें सहयोग, आत्मीयता, संवेदनशीलता और पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सृजन और संस्कार का मेल बच्चों के लिए सीखने को आनंदमय और यादगार बनाता है।रक्षाबंधन के पूर्व दिवस पर स्वनिर्मित राखियों से सजी बच्चों की कलाइयां गतिविधि की सफलता और बच्चों के उत्साह की सुंदर तस्वीर पेश करती नजर आईं।