हमसफर एक्सप्रेस में लावारिस शराब के 28 क्वार्टर बरामद, दो यात्रियों पर जुर्माना

जोधपुर। रेलवे के सघन जांच अभियान के तहत गुरुवार को जोधपुर-तिरुचिरापल्ली हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में संयुक्त औचक जांच की गई। इस दौरान ट्रेन के वेस्टिब्यूल क्षेत्र में लावारिस हालत में शराब के 28 क्वार्टर बरामद हुए। इसके साथ ही धूम्रपान और गंदगी फैलाने के मामले में दो यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए कुल 4 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत ट्रेन संख्या 20481 जोधपुर-तिरुचिरापल्ली हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में जोधपुर-डेगाना के बीच संयुक्त औचक जांच की गई।

जांच के दौरान कोच बी-9 और पैंट्रीकार के बीच वेस्टिब्यूल में लावारिस हालत में शराब के 28 क्वार्टर मिले। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 5.04 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई है। शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मेड़ता रोड जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया।

मुख्य वाणिज्य निरीक्षक रतनसिंह गुर्जर और कैटरिंग निरीक्षक नरेंद्र मीणा के नेतृत्व में हुई जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले दो यात्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। एक यात्री ट्रेन में धूम्रपान करता मिला, जबकि दूसरा गंदगी फैलाते हुए पाया गया। दोनों मामलों में कुल 4 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेनों में अनधिकृत गतिविधियों, धूम्रपान और गंदगी फैलाने जैसी नियम विरुद्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए औचक जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।