रोडवेज के सामने अस्थायी ढाबे की रसोई में लगी आग, अग्निशमन टीम ने समय रहते पाया काबू

मुरादाबाद। मंगलवार सुबह थाना गलशहीद क्षेत्र में रोडवेज के सामने एक अस्थायी ढाबे की रसोई में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

मंगलवार को सुबह 8:59 बजे रोडवेज के सामने स्थित छोटे शर्मा ढाबे में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हेलेट रोड और कटघर से दो फायर टेंडर वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि अस्थायी रूप से बने शर्मा ढाबे की रसोई में आग लगी हुई थी। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए दोनों फायर टेंडर वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और उसे आसपास फैलने से रोक लिया गया।

यह कार्रवाई मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर के पांडेय के निर्देशन में प्रभारी फायर स्टेशन कटघर मोहित कुमार, फायर टीम तथा गलशहीद प्रभारी पवन कुमार और रोडवेज चौकी प्रभारी प्रवेंद्र कुमार की पुलिस टीम के सहयोग से की गई।

अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।