केशकाल में सरस्वती शिशु मंदिरों का विभाग स्तरीय खेलकूद समारोह प्रारंभ*

केशकाल। सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में सरस्वती शिशु मंदिर केशकाल में तीन दिवसीय विभाग स्तरीय खेलकूद समारोह का शुभारंभ शनिवार 22 अगस्त को हुआ। यह समारोह 22 से 24 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

समारोह का उद्घाटन दोपहर 1:30 बजे किया गया। शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी केशकाल श्री कंवल सिंह पोया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मां दंतेश्वरी शिक्षा समिति केशकाल के अध्यक्ष श्री भूतुमल तातेड़ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री प्रशांत कुमार जायसवाल, संकुल समन्वयक डिहीपारा श्री दिनेश नाग, प्रबंध कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष श्री उल्लास साहू, पूर्व प्राचार्य एवं पूर्व संभाग समन्वयक श्री रमाशंकर श्रीवास्तव, श्री राजेश उइके, श्री प्रतीक अग्रवाल, श्री केशव कश्यप, श्री अभिषेक चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह आयोजन विभाग समन्वयक श्री महेश भावसार के नेतृत्व में किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र का संचालन विद्यालय के प्राचार्य श्री जे आर नाग ने किया

उद्घाटन समारोह के पश्चात पूर्व प्राचार्य श्री रमाशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षण संस्थान अपने छात्र-छात्राओं का ऐसा निर्माण करना चाहता है जो हिंदुत्वनिष्ठ एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो, भारत को भारत माता कहने वाला हो, वंदे मातरम का उद्घोष करने वाला हो और इस भारत भूमि को स्वर्ग से महान समझकर मातृभूमि के रूप में स्वीकार करने वाला हो।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। सरस्वती शिक्षा संस्थान द्वारा शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। इस विभाग स्तरीय खेल समारोह में 14 विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर सभी आचार्य एवं दीदीयां उपस्थित रहीं।

तीन दिवसीय समारोह का समापन सोमवार 24 अगस्त को सुबह 11:30 बजे होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री सी.एल. मंडावी प्राचार्य बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशकाल होंगे तथा अध्यक्षता श्री रामचंद्र वर्मा व्यवस्थापक सरस्वती शिशु मंदिर केशकाल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राकेश विश्वकर्मा प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशकाल एवं श्री भूपेश कुमार नाविक प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरडोंगर उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों एवं खेलप्रेमियों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।