हरदोई में ओवरटेक के दौरान ई-रिक्शा का बिगड़ा संतुलन, पलटने से बुजुर्ग की मौत, आधा दर्जन घायल

हरदोई। शाहाबाद कस्बे में नीरज ढाबा के पास स्वराज एजेंसी के सामने शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऑटो द्वारा ई-रिक्शा को ओवरटेक करने के दौरान ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि 21 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 12 बजे थाना शाहाबाद पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे के पास नीरज ढाबा के सामने स्वराज एजेंसी के पास दुर्घटना हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक ऑटो चालक ई-रिक्शा को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार कई लोग घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान रघुवीर (62), निवासी ग्राम पसगवां, थाना बेहटा गोकुल, हरदोई की मौत हो गई। हादसे में करीब छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।