ग्राम पंचायत कछार में अधूरे DMFT के 8 लाख से नहीं बनी सीसी रोड, पूर्व सरपंच और सचिव को 2-2 लाख वसूली का नोटिस….

CITIUPDATE NEWS(संतोष सारथी)कोरबा-ग्राम पंचायत कछार में डीएमएफटी मद से स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य अधूरा रहने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोरबा सह विहित प्राधिकारी ने ग्राम पंचायत के भूतपूर्व सरपंच शंकर सिंह कंवर और सचिव रवि दिनेश को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जनपद पंचायत कोरबा से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार, वर्ष 2021-22 में डीएमएफटी मद से ग्राम पंचायत कछार में बाजार रोड से जूनापारा मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 8 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। 5 साल बाद भी कार्य पूर्ण नहीं कराया गया।

जांच में 4 लाख रुपये के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। इस पर एसडीएम ने दोनों के खिलाफ छ.ग. पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 92 के तहत कार्रवाई करते हुए 2-2 लाख रुपये की वसूली का नोटिस जारी किया है।

नोटिस में दोनों को 31 जुलाई 2026 को कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जवाब संतोषप्रद नहीं मिलने पर धारा 92(1)(2)(3)(5) के तहत वसूली के साथ-साथ 30 दिन तक सिविल जेल भेजने की कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।