जंगल में दिखाई दिया तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Hapur. जनपद के गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव रसूलाबाद नानपुर में खेतों पर तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेत पर रखवाली कर रहे किसान ने तेंदुए का वीडियो बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जंगल में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। तेंदुए को देखने का दावा करने वाले ग्रामीणों की बात तेजी से फैलते ही किसान और स्थानीय लोग सतर्क हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ जंगल से निकलकर आबादी की ओर भी आ सकता है।
घटना के बाद लोग अकेले खेतो की ओर जाने से बच रहे हैं। बच्चों और महिलाओं को भी घरों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की तलाश कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल के आसपास अकेले न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तेंदुए के दिखाई देने की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
फिलहाल जंगल में तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है और लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।