माँ बाला सुन्दरी मंदिर के जीर्णोद्धार का शिलान्यास, बाबा नीम करौली मंदिर का हुआ भूमि पूजन

उतरौला (बलरामपुर)। अनिल कुमार गुप्ता। माँ बाला सुन्दरी महारानी मंदिर परिसर में धार्मिक एवं विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए शनिवार को मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास तथा बाबा नीम करौली जी महाराज के मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

माँ बाला सुन्दरी महारानी मंदिर के जीर्णोद्धार का शिलान्यास एवं बाबा नीम करौली जी महाराज के मंदिर का भूमि पूजन उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्ता, राधेश्याम वर्मा, भावी प्रत्याशी विधानसभा-293 उतरौला एवं जिला अध्यक्ष, नेशनल मेडिकोस ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ), बलरामपुर तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवानंद गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। भूमि पूजन एवं शिलान्यास का धार्मिक अनुष्ठान पंडित बृजलाल महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

इस अवसर पर मंदिर के महंत मयंक गिरी महाराज, उत्तराधिकारी त्रिपुरारी गिरी तथा मंदिर के मुख्य पुजारी पिंटू गिरी सहित अन्य संत-महंत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि धार्मिक स्थल हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। माँ बाला सुन्दरी महारानी मंदिर के जीर्णोद्धार से मंदिर परिसर को नया स्वरूप मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। बाबा नीम करौली जी महाराज के मंदिर का निर्माण भी क्षेत्र की धार्मिक पहचान को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्ता ने कहा कि माँ बाला सुन्दरी महारानी मंदिर क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था का केंद्र है। मंदिर के जीर्णोद्धार और बाबा नीम करौली जी महाराज के मंदिर निर्माण से क्षेत्र के धार्मिक वातावरण को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक सहयोग निरंतर किया जाएगा।

राधेश्याम वर्मा ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल समाज को संस्कार, सेवा और एकता का संदेश देते हैं। माँ बाला सुन्दरी महारानी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं बाबा नीम करौली जी महाराज के मंदिर निर्माण का यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी आस्था और संस्कृति की धरोहर बनेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे पुनीत कार्य में सहभागिता करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और मंदिर के विकास के लिए हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।

मंदिर के महंत मयंक गिरी महाराज ने कहा कि माँ बाला सुन्दरी महारानी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के जीर्णोद्धार और बाबा नीम करौली जी महाराज के मंदिर निर्माण की शुरुआत से श्रद्धालुओं में उत्साह है। उन्होंने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि हमारी सनातन परंपरा और संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य है।

भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख महिपाल चौधरी, आलोक गुप्ता, राहुल गुप्ता, सुरेश यादव, मोनू गुप्ता, अर्पित गुप्ता, श्रवण सोनी, अमित कौशल, संदीप गुप्ता, दीपक चौधरी, सोनू चौरसिया, अभिषेक गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, रुपेश गुप्ता, शिवम कौशल, अरविंद यादव, अरुण साहू, आयुष गुप्ता, सर्वेश यादव, सुमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में मंदिर प्रबंधन एवं आयोजकों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। मंदिर परिसर में हुए इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नए मंदिर निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।