कॉलेज छात्रा का पीछा करने और छेड़छाड़ का आरोप- वार्ड पंच और भाजपा नेता से जुड़े युवक पर FIR, पुलिस ने शुरू की जांच…

CITIUPDATE NEWS(संतोष सारथी)बालको थाना क्षेत्र के रजगामार चौकी अंतर्गत एक कॉलेज छात्रा से कथित छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात यादव उर्फ मोनू यादव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी युवक रजगामार क्षेत्र का निवासी है। FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक छात्रा 10 अगस्त को कॉलेज गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और हाथ पकड़ने का प्रयास करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने उसका पीछा करना जारी रखा। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी उसके घर पहुंचा और उसे कॉलेज जाने के लिए अपने साथ चलने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार छात्रा ने विरोध करते हुए आरोपी के साथ जाने से इनकार कर दिया। बाद में आरोपी द्वारा छात्रा की सहेली से फोन पर संपर्क करने और कथित तौर पर आपत्तिजनक बातचीत करने की बात भी शिकायत में कही गई है। घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR में आरोपी का नाम अज्ञात यादव दर्ज है, जबकि स्थानीय स्तर पर उसे मोनू यादव के नाम से बताए जाने की बात सामने आई है। आरोपी को भारतीय जनता पार्टी के NGO प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक एवं रजगामार वार्ड क्रमांक 09 के पंच से जुड़े व्यक्ति के रूप में बताया जा रहा है। हालांकि, आरोपी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित व्यक्तियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।