श्री माता वैष्णो देवी धाम में नकली पोनी-पालकी ऑपरेटरों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर रियासी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना वैध पोनी कार्ड के पोनी-पालकी संचालन कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

बाणगंगा पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलिस टीम नियमित गश्त और जांच अभियान पर थी। इसी दौरान पोनी और पालकी संचालकों की जांच के लिए औचक नाका लगाया गया। जांच के दौरान दो लोग बिना वैध पोनी कार्ड के पोनी-पालकी संचालन करते पाए गए।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान राज सिंह पुत्र वीर सिंह निवासी काकरा ठकराकोट, रियासी और अभिषेक सिंह पुत्र शंकर सिंह निवासी ठकराकोट, रियासी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस मामले में कटरा थाने में एफआईआर संख्या 270/2026 और 271/2026 दर्ज की गई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्री माता वैष्णो देवी के पैदल मार्ग पर पोनी और पालकी संचालन से जुड़े निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

श्रद्धालुओं से मनमाने दाम वसूलने और बिना वैध अनुमति के संचालन जैसी गतिविधियों पर कार्रवाई से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। माता वैष्णो देवी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।