वायरल वीडियो के बाद हरदोई के परिषदीय विद्यालय में बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षक निलंबित, बीईओ रसोइया और जिला समन्वयक MDM को नोटिस जारी

हरदोई। टड़ियावां विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय कोटरा में गुणवत्ताविहीन मध्यान्ह भोजन ग्रहण करते छात्राओं का वीडियो वायरल होने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र ने विद्यालय का निरीक्षण कर जांच की, जिसके बाद प्रधानाध्यापक राजेश कुमार और सहायक अध्यापक विनोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बीएसए के अनुसार, विद्यालय में राजेश कुमार प्रधानाध्यापक, विनोद कुमार सहायक अध्यापक तथा शिक्षा मित्र सत्येंद्र कुमार और संतराम पाल कार्यरत हैं। विद्यालय में कुल 232 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। 11 अगस्त को किए गए निरीक्षण के दौरान दोनों शिक्षक, रसोइया, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष और छात्र-छात्राएं मौजूद मिले। वायरल वीडियो के संबंध में सभी से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान विद्यालय स्टॉफ के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि कुछ छात्राओं को बुलाकर वीडियो बनाया गया था। जांच में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार और सहायक अध्यापक विनोद कुमार के बीच आपसी विवाद की बात भी सामने आई, जिसे घटना का प्रमुख कारण बताया गया है।
निरीक्षण में विद्यालय के दिव्यांग बच्चों के लिए बने शौचालय की साफ-सफाई भी असंतोषजनक मिली। छात्राओं ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। बीएसए ने कहा कि दोनों शिक्षकों के आचरण से विद्यालय का शैक्षिक एवं भौतिक वातावरण प्रभावित हो रहा था। उनका कृत्य कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 के विपरीत पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
सभी रसोइयों को नोटिस जारी करते हुए भविष्य में लापरवाही मिलने पर सेवा समाप्त करने की चेतावनी दी गई है। वहीं, शिथिल पर्यवेक्षण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी टड़ियावां और जिला समन्वयक एमडीएम को भी नोटिस जारी किया गया है।