चोरी की घटनाओं और लापरवाही पर हरदोई एसपी की बड़ी कार्रवाई, देहात कोतवाल समेत तीन लाइन हाजिर, दो पुलिसकर्मी निलंबित

हरदोई। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश न लगा पाने और कर्तव्यों में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने थाना कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही थाने में तैनात आरक्षी अभिन्न और सत्येंद्र को भी गंभीर लापरवाही एवं अनैतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से थाने पर अनावश्यक रूप से लोगों को बैठाने के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ यादव द्वारा थाना क्षेत्र में प्रभावी गश्त नहीं कराई जा रही थी और अपने कर्तव्यों के प्रति शिथिलता बरती जा रही थी। इसी दौरान क्षेत्र में चोरी की घटना सामने आने के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की।
वहीं, आरक्षी अभिन्न और सत्येंद्र पर अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के साथ अनैतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से कुछ व्यक्तियों को थाने पर अनावश्यक रूप से बैठाने के गंभीर आरोप लगे थे। मामले में दोनों को भी लाइन हाजिर किया गया है। इससे पहले एसपी ने दो पुलिसकर्मियों मनोज सिंह व नीलेश अहिरवार को निलंबित किया था।
पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई के साथ ही थाना प्रभारियों में फेरबदल किया है। थाना सांडी के प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह को कोतवाली देहात का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि पुलिस लाइन से निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा को थाना सांडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कर्तव्यों में उदासीनता या शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।