हरदोई में एक ही रात छह घरों में चोरी, नकदी-जेवर समेत लाखों का माल पार, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू पोहकर पुरवा में बीती रात चोरों ने एक साथ छह घरों को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। खास बात यह रही कि सभी घरों में परिजन मौजूद थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह सामान बिखरा मिलने पर घटना का पता चला।
हिमांशु बाजपेई के घर में उनकी मां और पत्नी छत पर सो रही थी। रात करीब एक बजे बिजली गुल होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। चोर बक्सा उठाकर खेत में ले गए और कुंडा तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये, सोने की तीन पेंडिल माला, एक जोड़ी चूड़ी और अंगूठी तथा चांदी की दो जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने संजय पाल के घर से सोने के कुंडल, अंगूठी, पेंडिल-ओम लॉकेट, चांदी की पायल व अंगूठी और 2,600 रुपये पार कर दिए। सुनील कुमार के घर से करीब डेढ़ सौ ग्राम चांदी की पायल, पांच जोड़ी बिछिया और पांच हजार रुपये चोरी हुए।
संग्राम पाल के घर से दो हजार रुपये तथा परशुराम के घर से पर्स में रखे एक हजार रुपये गायब मिले। चक्रपाल के घर में घुसने में नाकाम चोरों ने बाहर से गेट में कुंडी लगा दी।
एक साथ छह घरों में चोरी से मोहल्ले में दहशत है। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।