उत्तर पश्चिम रेलवे का 14 घंटे का मेगा टिकट जांच अभियान, 1,413 मामलों में 9.17 लाख रुपये जुर्माना वसूला

जयपुर। रेल यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के साथ बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार, 7 अगस्त को 14 घंटे का व्यापक मेगा टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे के विभिन्न मंडलों में स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में सघन जांच की गई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार अभियान के तहत अजमेर मंडल के अजमेर-आबू रोड, बीकानेर मंडल के बीकानेर-हनुमानगढ़, जयपुर मंडल के जयपुर-रेवाड़ी तथा जोधपुर मंडल के पाली मारवाड़-लूणी-समदड़ी और फुलेरा-मेड़ता रोड रेलखंडों पर पर्याप्त संख्या में टिकट जांच कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए।

बिना टिकट यात्रा के 1,361 मामले पकड़े

मेगा टिकट जांच अभियान के दौरान कुल 1,413 मामलों में 9 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 1,361 मामलों में 8,70,800 रुपये, अनियमित यात्रा के 39 मामलों में 27,020 रुपये, अनधिकृत वेंडिंग के 9 मामलों में 12,105 रुपये, धूम्रपान के 3 मामलों में 6,000 रुपये तथा गंदगी फैलाने के 1 मामले में 1,000 रुपये का जुर्माना शामिल है।

रेलवे की जांच टीमों ने विशेष रूप से बिना वैध टिकट अथवा गलत यात्रा प्राधिकार के साथ यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की। इसके अलावा स्टेशनों और ट्रेनों में धूम्रपान, गंदगी फैलाने तथा अनधिकृत रूप से सामान बेचने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई।

नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान

उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और अधिकृत यात्रियों को होने वाली असुविधा को रोकने के लिए इस तरह के टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और निर्धारित श्रेणी में ही सफर करें, ताकि सभी यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद बनी रहे।