56F स्कूल में शिक्षक के तबादले पर ग्रामीणों का आक्रोश, स्कूल में की तालाबंदी, स्टाफ को अंदर किया बंद

श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत 56F के राजकीय विद्यालय में शिक्षक रविंद्र कम्बोज के स्थानांतरण को लेकर विगत कई दिनों से ग्रामीणों भरा आक्रोश आज फूट पड़ा। स्थानांतरण रद्द नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय में तालाबंदी कर दी और स्कूल स्टाफ को अंदर बंद कर बाहर से नारेबाजी की।

क्या है पूरा मामला....

ग्रामीणों के आंदोलन के करीब 14 दिन चले आंदोलन व एक दिन के सांकेतिक भारत माला हाइवे 911 जाम के बाद प्रशासन ने 31 जुलाई तक शिक्षक रविंद्र कम्बोज को 56F के स्कूल में डेपुटेशन पर लगाने के आदेश दिए थे। ग्रामीणों का मानना था कि इससे उनका तबादला रद्द हो जाएगा। लेकिन जब स्थायी तौर पर स्थानांतरण रद्द नहीं किया गया तो ग्रामीणों में रोष बढ़ गया।

आज सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण व विद्यार्थी विद्यालय परिसर पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान स्कूल में मौजूद शिक्षक और अन्य स्टाफ अंदर ही रह गए। ग्रामीण विद्यालय के बाहर नारेबाजी करते रहे और शिक्षक का तबादला तुरंत रद्द करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना....

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि रविंद्र कम्बोज को जब से 56F स्कूल में लगाया गया हैं तब से ही बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ गांव की शिक्षा व्यवस्था में उनका बड़ा योगदान है। उनका तबादला होने से स्कूल की पढ़ाई प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक तबादला आदेश रद्द नहीं होगा उनका आंदोलन जारी रहेगा।

प्रशासन ने नहीं ली सुद्ध....

घटना की सूचना मिलने के बाद भी शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचने और आंदोलनकारियों से वार्ता करने की जहमत नहीं उठाई। अधिकारियों द्वारा आंदोलनकारियों से बातचीत नहीं करने के चलते आंदोलन उग्र होने की सम्भवना प्रवल होती जा रही है। फिलहाल स्कूल में तालाबंदी जारी है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्थानांतरण राज्य स्तरीय प्रक्रिया है और डेपुटेशन के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग पर अड़े हुए हैं।

मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल है।