हरदोई में दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति समेत सात पर मुकदमा, नवविवाहिता की मौत के बाद चीरघर पर हंगामा, सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया

हरदोई। सवायजपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पति सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत के साथ शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। विवेचना क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव को सौंपी गई है।

मृतका सुभाषिनी के पिता गजोधर, निवासी ग्राम सिमौर थाना पिहानी, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री का विवाह 22 जून 2023 को सवायजपुर निवासी अभिजीत शर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह में कार, नकद, सोने के आभूषण और अन्य घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लखनऊ में एक प्लॉट और 20 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा। मांग पूरी न होने पर पति, सास, जेठ, दोनों देवर और ननद द्वारा विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि 3 अगस्त की रात दहेज की मांग पूरी न होने पर सुभाषिनी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो।
पोस्टमार्टम के बाद चीरघर पर परिजनों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे सीओ हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा देकर मामला शांत कराया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
पुलिस ने पति, सास, जेठ, दोनों देवर और ननद सहित सात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।