चेहल्लुम पर बावन में निकला ताजिया का जुलूस, शहीद-ए-कर्बला को किया गया याद, रात 9 बजे होगा समापन

हरदोई। जनपद के बावन कस्बे में चेहल्लुम के अवसर पर मंगलवार को हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला में शहीद हुए उनके 72 साथियों की याद में अकीदत के साथ जुलूस निकाला गया। सुबह करीब 9 बजे इमामबाड़ा से शुरू हुआ जुलूस कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर कर्बला तक रात 9 बजे पहुंचेगा, जहां फातिहा और दुरूद पढ़कर शहीद-ए-कर्बला को ईसाल-ए-सवाब पहुंचाया जाएगा। इसके बाद ताजिया पुनः इमामबाड़ा लाया जाएगा।

जुलूस के दौरान नौशाद बैंड कन्नौज द्वारा नौहाख्वानी और कर्बला की शहादत पर आधारित कलाम पेश किए गए। अकीदतमंदों ने गम और अकीदत के साथ इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद किया। पूरे मार्ग में जगह-जगह सबील और लंगर का आयोजन किया गया, जहां लोगों को शर्बत, पानी और अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।
जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान बबलू खान, फहीम कुरैशी, गुलफराज खान शानू, बिलाल खान, नजमुल हुसैन मोनू, इरफान खान सहित सैकड़ों अकीदतमंद मौजूद रहे।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। लोनार कोतवाल सुनील मिश्रा, बावन चौकी प्रभारी वरुण शुक्ला के नेतृत्व में भारी पुलिस बल जुलूस के साथ तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से चेहल्लुम का जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकाला जा रहा हैं।