बृजमनगंज:लेहड़ा स्टेशन पर ट्रेन से कटकर युवती की मौत, शिनाख्त नहीं*

बृजमनगंज l थाना क्षेत्र के लेहड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के पूर्वी छोर पर शनिवार दोपहर करीब दो बजे बढ़नी-नकहा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 18 वर्षीय अज्ञात युवती की मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची बृजमनगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका ने सफेद रंग का सलवार तथा धानी रंग का कुर्ता पहन रखा था। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से मृतका की शिनाख्त कराने में जुटी है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। युवती की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।