शॉर्ट सर्किट से लगी आग, भैंस जिंदा जली, बैल झुलसे; मवेशियों को बचाने में युवक भी झुलसा

पूरनपुर/पीलीभीत। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गाँव हमीरपुर में शनिवार तड़के विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचा दिया। हादसे में एक भैंस जलकर मर गई, जबकि दो बैल झुलस गए। मवेशियों को आग से बचाने के प्रयास में युवक आदेश भी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार गांव हमीरपुर निवासी नरेश के घर पर शनिवार सुबह करीब 4 बजे के बीच अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पशुबाड़े को अपनी चपेट में ले लिया। पाठशाला में एक भैंस व दो बैल बंधे हुए थे। इस दौरान आदेश नामक युवक ने बैलों को बाहर निकाल लिया जबकि आग की लपटे तेज होने के कारण भैंस नहीं निकाली जा सकी।आग की लपटें उठती देख परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस दौरान एक भैंस की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि बैल झुलस गए।भूसा आदि अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। मवेशियों को बचाने के प्रयास में आदेश भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि घटना की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारी/ कर्मचारियों को दी गई। समाचार लिखे जाने तक मौके पर कोई कर्मचारी या अधिकारी नहीं पहुंचा।ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।