भव्य स्वागत के बीच अखिलेश यादव का संदेश: 2027 में बदलाव का भरोसा, PDA को जोड़ने का आह्वान

*भव्य स्वागत के बीच अखिलेश यादव का संदेश: 2027 में बदलाव का भरोसा, PDA को जोड़ने का आह्वान*

बिलग्राम (हरदोई)

.

बदायूं जाते समय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव का हरदोई जनपद के बिलग्राम क्षेत्र अंतर्गत बेहटा बुजुर्ग के निकट रेस्ट एरिया पर भव्य स्वागत किया गया। यह स्वागत कार्यक्रम समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

*कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह, PDA को मजबूत करने पर जोर*

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को एकजुट करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही आगामी चुनाव में जीत की कुंजी होगी।

*समय की पाबंदी के चलते आगे बढ़े, वापसी में निभाया वादा*

बताया गया कि श्री अखिलेश यादव सुबह करीब 12 बजे गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। समय की कमी के कारण वह अधिक देर नहीं रुक सके, लेकिन कार्यकर्ताओं से वापसी में मिलने का वादा किया। कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से ही उनके इंतजार में डटे रहे। वापसी के दौरान उन्होंने एक-एक कार्यकर्ता का हालचाल जाना और उनका अभिवादन स्वीकार किया।

*सरकार पर साधा निशाना, किसानों-नौजवानों की उठाई आवाज*

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में नौजवान लगातार परेशान हो रहे हैं, किसानों को खाद तक नहीं मिल पा रही है और महंगाई चरम सीमा पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सरकार तरह-तरह के षड्यंत्र कर रही है।

*किसानों से सीधे संवाद, समस्याओं के समाधान का भरोसा*

मौके पर मौजूद सैकड़ों किसानों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। श्री यादव ने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों और नौजवानों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

*हजारों कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी*

इस कार्यक्रम में प्रधान सत्येंद्र यादव, आलोक यादव, दीपक, सौरभ, अंकुर सिंह सहित लगभग 1000 से अधिक ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने जोरदार स्वागत कर कार्यक्रम को सफल बनाया।