नागपुर मंडल की सराहनीय पहल: सेवानिवृत्ति के दिन ही 30 रेलकर्मियों को मिला 14.32 करोड़ रुपये का भुगतान

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने कर्मचारियों के हित में अपनी उत्कृष्ट परंपरा को कायम रखते हुए जुलाई 2026 में सेवानिवृत्त हुए 30 रेलकर्मियों को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही 14,32,80,337 रुपये की सेटलमेंट राशि प्रदान की। अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेटलमेंट राशि के साथ परिचय पत्र, एफआईसी कार्ड, कैलकुलेशन शीट, सेवा प्रमाण-पत्र, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), समरी शीट तथा सेवा-पुस्तिका का प्रथम पृष्ठ भी उपलब्ध कराया गया, ताकि उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद किसी प्रकार की प्रशासनिक असुविधा का सामना न करना पड़े।

अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले ने अपने संबोधन में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी ने अपने सेवाकाल में समर्पण, निष्ठा और मेहनत से भारतीय रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेटलमेंट की राशि का विवेकपूर्ण उपयोग कर कर्मचारी अपने अधूरे सपनों को साकार करेंगे और परिवार के साथ सुखद जीवन व्यतीत करेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती स्वेता एच.के. छोरिया, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक वैभव दहिवले, सहायक कार्मिक अधिकारी राजेश प्रसाद सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

नागपुर मंडल की यह पहल कर्मचारियों के प्रति उसकी संवेदनशील कार्यशैली और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी देयों का भुगतान सुनिश्चित कर मंडल रेलकर्मियों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक विदाई प्रदान करने की परंपरा को लगातार मजबूत बना रहा है।