वीटीआर में शिकारियों द्वारा बिछाए गए बिजली के तार के चपेट में आने से एक टाइगर ट्रैक्रर जख्मी

  • बेहतर उपचार के लिए किया गया रेफर,मामला गोनौली वन क्षेत्र का।

वाल्मीकि नगर से अभिमन्यु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।वाल्मीकि व्याघ्र परियोजना वन प्रमंडल दो के गोनौली वन क्षेत्र के वन कर्मियों द्वारा वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर रेंजर राजकुमार पासवान के नेतृत्व व दिशा-निर्देश पर वन क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग किया जा रहा है।इसी क्रम में वन कर्मियों के द्वारा वन क्षेत्र के कक्ष संख्या टी 32 में शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे पेट्रोलिंग के क्रम में शिकारियों के द्वारा वन्य जीवों के शिकार के उद्देश्य से बिजली का नंगा तार बिछाया गया था। तार के चपेट में आने से एक वनकर्मी रामा यादव ( टीटी) ग्राम नरायणापुर निवासी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वन कर्मियों को देख वन अपराधी अंधेरे और जंगल का लाभ लेकर भागने में सफल रहे। इस मामले में गोनौली वन क्षेत्र के रेंजर राजकुमार पासवान ने बताया कि जख्मी टाइगर ट्रैक्रर रामा यादव को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकि नगर लाया गया। जहां मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए बगहा और फिर बगहा से बेतिया रेफर कर दिया गया। इस मामले में संलिप्त वन अपराधियों की पहचान राजकुमार महतो पिता मन बहाली महतो ग्राम सोहरिया लक्ष्मीपुर भेडिहारी, मनोज महतो पिता विश्वनाथ महतो ग्राम बसहवा टोला, और हरिप्रसाद महतो पिता सीता महतो ग्राम बसहवा टोला थाना वाल्मीकि नगर निवासी के रूप में की गई है।

इन सभी आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

नंगे तार के माध्यम से शिकारी करते हैं वन्य जीवों का शिकार :

टाइगर रिजर्व के जंगलों में शिकारी तत्वों के द्वारा हाई टेंशन तार में टोका फंसा कर वन क्षेत्र में नंगा तार फैला दिया जाता है। वन्य जीवों द्वारा जंगल में विचरण के क्रम में जानवर नंगे तार में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो जाती है।हालांकि वन विभाग द्वारा लगातार उनके प्रयासों को असफल किया जाता रहा है। रेंजर श्री पासवान ने बताया कि वन संपदा और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखने वालों के साथ वन प्रशासन पूरी सख्ती से निपटेगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जख्मी वनकर्मी का उपचार बेतिया जिला अस्पताल में समाचार प्रेषण तक जारी है।