हरदोई में धारदार हथियार से युवक की हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका, एक आरोपी हिरासत में

हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के जीतपुरवा मजरा खजराहा गांव में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान सोहित कुमार पुत्र कोमिल निवासी ग्राम जीतपुरवा मजरा खजराहा, थाना सुरसा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही अमर सिंह पुत्र रामरूप और जितेंद्र पुत्र परशुराम से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान दोनों ने सोहित पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि 24 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि सुरसा थाना क्षेत्र के जीतपुरवा गांव में एक युवक पर हमला किया गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना सुरसा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।