घर की दीवार काटकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर हुए फरार

रिपोर्ट सौरभ बाजपेयी ब्यूरो चीफ

रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में एक घर की दीवार काटकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना मंगलवार रात सुल्तानपुर खेड़ा मजरे सलेमपुर गांव में हुई, जब परिवार घर के बाहर सो रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित संकठा प्रसाद पुत्र हेमराज के अनुसार, गर्मी के कारण उनका परिवार घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर गए।

सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे, तो उन्होंने दीवार में सेंध लगी देखी और सामान बिखरा पाया। संकठा प्रसाद के मुताबिक, चोर लगभग 2 किलो चांदी, एक से डेढ़ तोला सोने के जेवरात और अलमारी में रखे 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

वारदात के बाद, चोरों द्वारा छोड़ा गया कुछ सामान गांव से करीब 100 मीटर दूर बाहर मिला। इसमें पीड़ित का खाली बक्सा, सूटकेस और एक टीवी शामिल था। ऐसा प्रतीत होता है कि चोर कीमती जेवरात और नकदी निकालने के बाद भारी सामान वहीं छोड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही यूपी डायल-112 और हरचंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

इस वारदात के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हरचंदपुर थाना क्षेत्र में पहले भी कई बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें से अधिकांश का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ग्रामीण इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर नजर रखे हुए हैं।