चुंगी माल गोदाम भवन के जीर्णोद्धार समेत कई अहम प्रस्तावों पर बोर्ड की मुहर पीलीभीत नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए अहम फैसले।

रिपोटर/ राजेश गुप्ता
लोकेशन पीलीभीत
मो 9719672920


चुंगी माल गोदाम भवन के जीर्णोद्धार समेत कई अहम प्रस्तावों पर बोर्ड की मुहर

पीलीभीत नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए अहम फैसले।


नगर पालिका परिषद पीलीभीत के टाउन हॉल में आयोजित बोर्ड बैठक में नगर विकास,राजस्व वृद्धि और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार की मौजूदगी में बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल के द्वारा की गई।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव चुंगी माल गोदाम स्थित नगर पालिका के भवन को पुनः पालिका के कब्जे में लेकर उसका जीर्णोद्धार कराने का रहा।सभासद विपिन गंगवार द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में कहा गया कि लंबे समय से उपेक्षित इस भवन को आधुनिक सुविधाओं से विकसित कर व्यापार मंडलों की बैठकों, संगोष्ठियों तथा सामाजिक एवं व्यावसायिक आयोजनों के लिए उपयोग में लाया जाए। बोर्ड ने प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।
बैठक में सभासद निर्मल सिंह ने गांधी स्टेडियम रोड से गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग तक नाले पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।इस पर बोर्ड ने संबंधित क्षेत्र में प्रभावी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया,ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
सभासद अनस अंसारी ने नगर के बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स,अस्पतालों, होटलों,बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के गृहकर एवं अन्य करों की नियमित मॉनिटरिंग कराने का सुझाव दिया।बोर्ड ने इस पर आवश्यक कार्रवाई कराने पर सहमति व्यक्त की।
रामस्वरूप पार्क के किनारे लगने वाले फड़ विक्रेताओं को नियमानुसार स्थान आवंटित कर निर्धारित शुल्क वसूलने का निर्णय भी लिया गया,जिससे व्यवस्था बेहतर होगी और नगर पालिका के राजस्व में वृद्धि होगी।
डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए नगर पालिका की आधिकारिक वेबसाइट विकसित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। वेबसाइट के माध्यम से नागरिक जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, ऑनलाइन शिकायत, सुझाव तथा पालिका की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी एक ही मंच पर प्राप्त कर सकेंगे।
बोर्ड ने यह भी निर्णय लिया कि नगर पालिका की जिन अचल संपत्तियों के आवंटन की अवधि समाप्त हो चुकी है अथवा शीघ्र समाप्त होने वाली है, उनका पुनः आवंटन पालिका बोर्ड की स्वीकृति एवं नियमानुसार किया जाएगा।
बैठक में पारित प्रस्तावों को नगर के सुव्यवस्थित विकास, पारदर्शी प्रशासन, राजस्व वृद्धि तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं सभासद गोकुल प्रसाद मौर्य,सभासद साकेत सक्सेना,वतनदीप मिश्रा, विपिन गंगवार, निर्मल सिंह, अनस अंसारी, शरीफ अंसारी, इकबाल हजरत, सुनीता सिंह, राशिद हुसैन, जाहिदा बी, शबनम, पुष्पा उपाध्याय, रत्ना शुक्ला सहित कई सभासद उपस्थित रहे है।