हरदोई में घरेलू विवाद में पत्नी की सिलबट्टे से हत्या, वारदात के बाद पति गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार देर शाम घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक दिहाड़ी मजदूर ने अपनी पत्नी के सिर पर सिलबट्टे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कुंज बिहारी दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर उसकी अपनी 35 वर्षीय पत्नी मोनी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मोनी की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में पत्नी से मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि दंपति का तीन वर्षीय बेटा युवराज है। घर में आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होकर महिला ने करीब पांच दिन पहले ही बेटे को अपने जेठ के पुत्र के साथ दिल्ली भेज दिया था। घटना के समय बच्चा घर पर मौजूद नहीं था।
परिजनों के अनुसार, कुंज बिहारी और मोनी का विवाह वर्ष 2017 में लखनऊ में आयोजित एक सामूहिक विवाह समारोह में हुआ था। मृतका का मायका लखनऊ के चौक क्षेत्र में है।
घटना की सूचना पर सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह, कासिमपुर थानाध्यक्ष घनश्याम राम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित हैं।