हरदोई में अनियंत्रित होकर तालाब किनारे जा गिरी डायल-112, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी, चालक के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के संधिनावा गांव के पास शुक्रवार देर रात डायल-112 पीआरवी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और तालाब किनारे जा पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डायल-112 वाहन किसी ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और पीआरवी सड़क से नीचे उतरकर तालाब के किनारे जा गिरी। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों की मदद की। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि उसमें सवार सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वाहन को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कराई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जाएगी।
फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।