आलापुर की बेटी खुशबू गौतम ने NEET में रचा इतिहास, 527 अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान      

आलापुर (अंबेडकर नगर) | पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख की बेटी खुशबू ने रचा इतिहास, नीट में सफलता से बढ़ाया क्षेत्र का मान 527 अंकों के साथ NEET में शानदार सफलता डॉक्टर बनने की ओर बढ़ाया मजबूत कदम पीड़ित मानवता की सेवा ही मेरा लक्ष्य"? खुशबू गौतम। मालूम हो कड़ी मेहनत, अटूट आत्म विश्वास और सेवा के संकल्प ने आखिरकार सतरही गांव की बेटी खुशबू गौतम को वह मुकाम दिला दिया, जिस पर आज पूरा आलापुर क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है। नीट (NEET) जैसी देश की सबसे कठिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 720 में से 527 अंक हासिल कर खुशबू ने न केवल अपने परिवार का सपना साकार किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान भी बढ़ाया है। ग्राम पंचायत सतरही निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख संगीता देवी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य बलिराम गौतम की पुत्री खुशबू गौतम की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे इलाके में हर्ष और उत्साह का माहौल है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और लोग इस उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बता रहे हैं।खुशबू गौतम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को देते हुए कहा कि "सेवा से ही शक्ति मिलती है। मेरा लक्ष्य केवल डॉक्टर बनना नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा करना है। डॉक्टर बनकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही मेरा संकल्प है।भावुक होकर कहा कि उनके बाबा स्वर्गीय ठेकेदार धर्मराज का सपना था कि उनकी पोती डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करे।आज नीट में सफलता प्राप्त कर उन्होंने उस सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा दिया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य बलिराम गौतम ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना किसी भी छात्र और उसके परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और परिवार के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खुशबू की सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए नई प्रेरणा बनेगी। खुशबू एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जिसने समाज और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी माता संगीता देवी पूर्व ब्लॉक प्रमुख रही हैं जबकि पिता बलिराम गौतम पूर्व जिला पंचायत सदस्य के रूप में जनप्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी दादी मैना देवी वर्तमान में सतरही ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान हैं तथा परिवार लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।खुशबू गौतम की इस शानदार उपलब्धि पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि बेटियों की ऐसी सफलताएं केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और जिले का गौरव बढ़ाती हैं। खुशबू की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और सेवा का भाव मन में हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।