इज्जतनगर में पुलिस मुठभेड़ लूट के दो आरोपी गिरफ्तार एक के पैर में लगी गोली

बरेली शहर की इज्जतनगर थाना पुलिस ने 11 जुलाई को आलोक नगर में हुई मंगलसूत्र लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चेकिंग के दौरान दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी भी कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया है। चेकिंग के दौरान भागे, पुलिस पर की फायरिंग पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात सैदपुर पिकेट चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे तेज रफ्तार से भाग निकले। पीछा करने पर उनकी बाइक खेत के पास फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपी भागने लगे। तभी एक आरोपी जीतू उर्फ जतिन ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें जीतू के पैर में गोली लग गई। तमंचा और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद घायल आरोपी जीतू के पास से 315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला। वहीं दूसरे आरोपी शिवा की तलाशी में 11 जुलाई को आलोक नगर से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों जिस स्प्लेंडर बाइक से भाग रहे थे, उसी का इस्तेमाल लूट की वारदात में किया गया था। तीसरे आरोपी की तलाश जारी पुलिस जांच में सामने आया है कि इस लूट की वारदात में लकी उर्फ पवन नाम का एक तीसरा आरोपी भी शामिल था। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मुठभेड़ के मामले में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।