एसीबी का ट्रैप: घड़साना के सरकारी अस्पताल में गायनी डॉक्टर 3,500 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, इलाज के नाम पर मांग रहे थे 4,000 रुपये, सीआई राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई

श्रीगंगानगर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसीबी टीम ने घड़साना की नई मंडी स्थित राजकीय चिकित्सालय में तैनात गायनी विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह चौधरी को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ट्रैप की कार्रवाई के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया।

एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी के इलाज के लिए डॉक्टर 4,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया।

जानकारी अनुसार जैसे ही डॉक्टर ने परिवादी से 3,500 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।

यह कार्रवाई एसीबी के सीआई राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

सरकारी अस्पताल में इस कार्रवाई के बाद स्टाफ और मरीजों में चर्चा का विषय बना हुआ है।